जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने नगर कोतवाली में कराई प्राथमिकी दर्ज
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 30 मई 2026।
जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में एक वीडियो क्लिप के माध्यम से यह मामला संज्ञान में आया कि एक ट्रैक्टर सक्शन मशीन द्वारा अपशिष्ट जल को खुले नाले में प्रवाहित किया जा रहा है। वीडियो में वाहन पर विभाग का नाम अंकित दिखाई देने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए नाराजगी व्यक्त की तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीडियो क्लिप में भूपतवाला क्षेत्र में एक ट्रैक्टर सीवर मशीन द्वारा खुले नाले में अपशिष्ट जल डाला जा रहा था। जिलाधिकारी द्वारा उक्त वीडियो अधिशासी अभियंता, उत्तराखंड जल संस्थान को भेजकर मामले की जांच के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अभियंता अजय कुमार द्वारा वीडियो का अवलोकन करने पर पाया गया कि ट्रैक्टर सक्शन मशीन पर “उत्तराखंड जल संस्थान” अंकित है। हालांकि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि जल संस्थान के पास इस प्रकार की कोई ट्रैक्टर सक्शन मशीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा विभाग के नाम का दुरुपयोग कर यह कृत्य किया जाना प्रतीत हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अज्ञात व्यक्ति/वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके क्रम में अधिशासी अभियंता द्वारा अपर सहायक अभियंता को पत्र प्रेषित कर संबंधित अज्ञात ट्रैक्टर सक्शन मशीन संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के अनुपालन में अपर सहायक अभियंता द्वारा अज्ञात ट्रैक्टर सक्शन मशीन एवं उसके संचालक के विरुद्ध नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।


