फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,29/05/2026। सोशल मीडिया पर कुर्बानी का वीडियो पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की लगातार प्रतिक्रियाएं आने लगीं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब होने की आशंका बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें जानवर की कुर्बानी दिखाई गई थी। वीडियो वायरल होते ही उस पर बड़ी संख्या में प्रतिक्रियाएं आने लगीं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीओ भगवानपुर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ग्राम सिकंदरपुर निवासी शोएब पुत्र बामन को हिरासत में लिया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि 28 मई 2026 को ईद के मौके पर उसके घर में पालतू भैंसे की कुर्बानी हुई थी। उसी दौरान बनाया गया वीडियो उसके 10 वर्षीय छोटे भाई द्वारा उसकी सोशल मीडिया आईडी से अपलोड कर दिया गया था।
पुलिस द्वारा मौके पर जांच करने पर घर से भैंसे के खुर भी बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल वीडियो हटवाते हुए युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


