गंगा दशहरा पर्व पर 40 पीएसी का सराहनीय कार्य, तीन श्रद्धालुओं की बचाई जान
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,20/05/2026। गंगा दशहरा स्नान पर्व के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र स्थित विष्णु घाट पर गंगा के तेज बहाव में बह रहे तीन श्रद्धालुओं की जान 40 पीएसी हरिद्वार की आपदा राहत टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बचा ली। लगातार हुए तीन सफल रेस्क्यू के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पहली घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब चंचल सिंह पुत्र तेज सिंह निवासी चंपावत, उत्तराखंड, विष्णु घाट पर गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहने लगे। घाट पर तैनात आपदा राहत दल ने तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दूसरी घटना सुबह करीब 11 बजे हुई, जब सुरेन्द्र विश्वकर्मा पुत्र लालू विश्वकर्मा निवासी कर्णाली प्रदेश, नेपाल, गंगा को तैरकर पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वह गंगा की तेज लहरों में फंसकर बहने लगे। मौके पर मौजूद आपदा राहत टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सकुशल बाहर निकाला।
तीसरी घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। गौतम पुत्र नवबहार सिंह निवासी नगीना, जनपद बिजनौर, गंगा स्नान के दौरान डुबकी लगाते समय तेज धारा में बह गए। 40 पीएसी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें भी सुरक्षित बचाकर परिजनों के सुपुर्द किया।
तीनों रेस्क्यू अभियानों में उप निरीक्षक इखलाक मलिक, हेड कांस्टेबल चंद्रमोहन, हेड कांस्टेबल रवि वालिया, कांस्टेबल महावीर बिष्ट, कांस्टेबल गौरव सिंह एवं कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई।
घटनास्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने आपदा राहत टीम की बहादुरी, तत्परता और मानवता की भावना की सराहना करते हुए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।


