(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार/ लक्सर,24/05/2026। लक्सर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ तहसील परिसर में हुई कथित अभद्रता का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पत्रकारों के समर्थन में जिलेभर के संगठन खुलकर सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद ने भी पत्रकारों के पक्ष में आवाज बुलंद करते हुए तहसील कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है।
विधायक मोहम्मद शहजाद ने पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला करार दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग कलम की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि पत्रकार डरने वाले नहीं हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीएम की मौजूदगी में पत्रकारों को जान से मारने की धमकियां दी गईं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विधायक ने कहा कि जब पत्रकारों के साथ खुलेआम अभद्र व्यवहार हो रहा था, तब जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 29 मई को प्रस्तावित आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है। विधायक ने साफ शब्दों में कहा, “जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन से लेकर सड़क पर उतरने तक हर संघर्ष में मैं पत्रकारों के साथ सबसे आगे खड़ा मिलूंगा।”
लक्सर में यह मामला अब केवल अभद्रता तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पत्रकार सम्मान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और प्रशासनिक जवाबदेही का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।


