फुरकान अंसारी,20/05/2026।

हरिद्वार।नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने आधुनिक तकनीक और तेज़ जांच के दम पर एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त वाहन, डंडे और मृतक का मोबाइल बरामद किया है। मामले में दो अन्य संदिग्धों की तलाश अभी जारी है।

नदी किनारे मिला था अज्ञात शव

17 मई 2026 को थाना भगवानपुर क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया।

NETGRID पोर्टल से हुई मृतक की पहचान

एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा अपराध गोष्ठियों में दिए गए निर्देशों के तहत पुलिस ने गृह मंत्रालय द्वारा संचालित NETGRID पोर्टल का सहारा लिया। अज्ञात शव की फोटो पोर्टल पर अपलोड करने पर चेहरे से मिलते-जुलते 10 व्यक्तियों का डेटा प्राप्त हुआ। इसके बाद पुलिस टीमों ने सहारनपुर, देवबंद, बिजनौर, मुरादाबाद और हिमाचल प्रदेश सहित कई स्थानों पर जाकर सत्यापन किया।

कड़ी मेहनत के बाद मृतक की पहचान कलीम पुत्र मुरादु निवासी ग्राम बचीटी, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। इसके बाद 18 मई 2026 को थाना भगवानपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

होटल में विवाद बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना वाली रात क्षेत्र में एक काली क्रेटा कार देखी गई थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस होटल धरोहर तक पहुंची। जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई काम की तलाश में भगवानपुर आए थे और रात में होटल धरोहर में खाना खाने पहुंचे थे।

इसी दौरान होटल संचालकों और उनके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके का फायदा उठाकर कलीम का भाई वहां से भाग निकला, जबकि आरोपियों ने कलीम को बेरहमी से पीट डाला।

जब कलीम की मौत हो गई तो आरोपी शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक आए।

पढ़े-लिखे निकले आरोपी

पुलिस ने 19 मई को हसनपुर मदनपुर पुल के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कई युवक बीटेक और बी-फार्मा जैसे प्रोफेशनल कोर्स कर चुके हैं

पुलिस टीम की सराहना

पूरे मामले का खुलासा करने में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में भगवानपुर पुलिस, सीआईयू हरिद्वार और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तेज़ कार्रवाई के चलते पुलिस ने एक जटिल ब्लाइंड मर्डर केस का बेहद कम समय में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की।

Share.
Leave A Reply