(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने वाहनों के शीशे तोड़कर हुड़दंग मचाने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी देर रात पार्क किए गए वाहनों को निशाना बनाकर उनके शीशे तोड़ते थे। इस तरह की कई घटनाएं पूर्व में भी सामने आ चुकी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने 17 मई 2026 की रात कार्रवाई करते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की हालत में हुड़दंग करते थे। इनमें से कुछ आरोपी पूर्व में मारपीट के मामलों में जेल भी जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में वंश पुत्र कैलाश, सचिन पुत्र भूरे, विषु पुत्र पप्पू, सोनू पुत्र रामसुधार तथा सूरज उर्फ भानू पुत्र शिवनंदन सैनी निवासी हनुमानगढ़ी, कनखल शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नंद किशोर, हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, कांस्टेबल सतेंद्र रावत एवं कांस्टेबल उम्मेद सिंह शामिल रहे।


