(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डायल 112 पर कॉल कर शहर में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर आरोपी को दबोच लिया तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 की रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के प्रमुख पदाधिकारियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर में अज्ञात कॉलर के खिलाफ धारा 351(3), 351(4), 352 और 353(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की लोकेशन और तकनीकी जांच की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में डायल 112 पर कॉल कर धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply