(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 18 मई 2026।

नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने जानकारी दी है कि उत्तराखण्ड सचिवालय / उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी (लेखा) / सहायक अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2024 के अंतर्गत मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों हेतु हिन्दी टंकण (अनिवार्य), अंग्रेजी टंकण (अधिमानी) एवं कम्प्यूटर के आधारभूत ज्ञान की परीक्षा दिनांक 19 मई 2026 को परीक्षा भवन स्थित उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के ज्ञानोदय कम्प्यूटर लैब (केन्द्र कोड-101) में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रथम सत्र में हिन्दी टंकण प्रश्नपत्र (अनिवार्य, कोड-51) पूर्वाह्न 11:00 बजे से तथा अंग्रेजी टंकण प्रश्नपत्र (अधिमानी, कोड-52) दोपहर 12:00 बजे से आयोजित होगा। वहीं द्वितीय सत्र में Computer Operation Practical Examination (Qualifying Nature) अपराह्न 3:00 बजे से 4:00 बजे तक संपन्न कराया जाएगा।

परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा केन्द्र के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 (पूर्व धारा 144) लागू की गई है।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि बिना पूर्व अनुमति पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के भड़काऊ कार्यक्रम, ध्वनि प्रदूषण एवं सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।

परीक्षा केन्द्र एवं उसके आसपास हथियार, विस्फोटक पदार्थ, मोबाइल फोन, पेजर तथा किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर में केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस बल को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 के अंतर्गत दण्डनीय होगा।

Share.
Leave A Reply