वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और बिना वैध कागजात के वाहनों की खरीद-फरोख्त रोकने के उद्देश्य से कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने ग्राम खेलपुर में व्यापक सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया।
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार,15/05/2026। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशानुसार दिनांक 15 मई 2026 को गठित पुलिस टीम ने गांव की गली-मौहल्लों तथा आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान करीब 200 से अधिक वाहनों और उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान जिन वाहनों के मालिकाना हक की पुष्टि नहीं हो सकी अथवा जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, ऐसे 13 संदिग्ध वाहनों को पुलिस ने मौके पर जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा सभी वाहनों के संबंध में विस्तृत जांच और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया कि यह अभियान किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि गांव के माहौल को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाया गया है।
साथ ही आमजन से अपील की गई कि सेकेंड हैंड वाहन खरीदते समय सभी आवश्यक कागजातों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें तथा बिना नंबर प्लेट या अधूरे दस्तावेजों वाले वाहनों का प्रयोग न करें।
गांव में चलाए गए इस अभियान का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया और पुलिस की कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी बताया।


