कोतवाली भगवानपुर पुलिस की कार्रवाई
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार,14/05/2026।वलीमा समारोह में लाइसेंसी असलहे से हवाई फायरिंग करना एक युवक को भारी पड़ गया। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी पिस्टल जब्त करते हुए सीज कर दी है। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
घटना 11 मई 2026 की है। प्रिन्स होटल, भगवानपुर में आयोजित एक वलीमा समारोह के दौरान नदीम पुत्र हाजी मोमीन निवासी शाहपुर द्वारा अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग की गई। सूचना मिलने पर चेतक पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान वीडियो फुटेज में आरोपी द्वारा फायरिंग करना स्पष्ट दिखाई दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के नाम पंजीकृत लाइसेंसी पिस्टल से सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग की गई, जो आयुध अधिनियम की शर्तों का उल्लंघन है।
भगवानपुर पुलिस ने आरोपी नदीम के विरुद्ध मु0अ0सं0 201/26, धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पिस्टल को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
हरिद्वार police ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि लाइसेंसी असलहे का दुरुपयोग कानूनन अपराध है। सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग कर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


