(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 14 मई 2026।राज्य सरकार द्वारा किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर जनपद हरिद्वार के प्रगतिशील किसान मोहम्मद माजिद हुसैन एवं मोहम्मद वाजिद हुसैन निवासी मंगलौर ने बागवानी एवं औद्यानिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

मोहम्मद माजिद हुसैन ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि पहले वे अपने भाइयों के साथ पारंपरिक रूप से मक्का और गन्ने की खेती करते थे, लेकिन उसमें अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा था। इसके बाद उन्होंने राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेकर अपने भाई मोहम्मद वाजिद हुसैन के साथ बागवानी एवं औद्यानिकी खेती की शुरुआत की।

वर्तमान में दोनों भाई लगभग 35 बीघा भूमि पर आधुनिक खेती कर रहे हैं। इसमें करीब 20 बीघा भूमि पर स्ट्रॉबेरी और मालबेरी की खेती की जा रही है। केवल स्ट्रॉबेरी उत्पादन से ही उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 5 से 10 लाख रुपये तक का कारोबार प्राप्त हो रहा है।

इसके अलावा शेष भूमि पर वे सब्जियों की खेती कर रहे हैं, जिनमें तुरई, करेला, टमाटर, बैंगन, धनिया, मिर्च और खीरा जैसी फसलें शामिल हैं। इन फसलों का लगभग 400 टन उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें प्रतिवर्ष करीब 30 से 35 लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है।

उन्होंने बताया कि खेती और बागवानी कार्यों के माध्यम से 20 से 25 स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिनमें लगभग 15 महिलाएं शामिल हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।

मोहम्मद माजिद हुसैन ने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा वर्ष 2024 में 500 वर्ग मीटर पालीहाउस स्थापना हेतु 50 प्रतिशत राजसहायता प्रदान की गई थी। वहीं वर्ष 2025-26 में एक हेक्टेयर क्षेत्र में स्ट्रॉबेरी खेती को प्रोत्साहित करने के लिए भी 50 प्रतिशत राजसहायता उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने यह भी बताया कि कद्दू वर्गीय फसलों के लिए जीआई सपोर्ट सिस्टम तथा ओलावृष्टि से फसलों की सुरक्षा एवं नमी संरक्षण के लिए भी विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता प्रदान की गई है।

मोहम्मद माजिद हुसैन एवं मोहम्मद वाजिद हुसैन ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, आधुनिक खेती तकनीकों और राज्य सरकार की योजनाओं को देते हुए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami, जिला प्रशासन एवं उद्यान विभाग का आभार व्यक्त किया।

Share.
Leave A Reply