(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार,13,05/2026।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा केयर कॉलेज में संचालित जीएनएम पाठ्यक्रम को लेकर छात्रों के साथ कथित धोखाधड़ी एवं आईएनसी (Indian Nursing Council) से अप्रूव्ड न होने के मुद्दे पर कॉलेज परिसर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन लगातार दो दिनों तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं परिषद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं की कॉलेज प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एसीएमओ एवं तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ तीखी नोंकझोंक भी हुई। परिषद कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज द्वारा छात्रों को पाठ्यक्रम की मान्यता संबंधी पूरी जानकारी दिए बिना प्रवेश दिलाए गए, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट उत्पन्न हो गया है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित होता है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। लंबे विरोध प्रदर्शन और वार्ता के बाद कॉलेज प्रशासन ने लिखित एवं मौखिक रूप से आश्वासन दिया कि यदि कॉलेज की वजह से किसी छात्र को शैक्षणिक अथवा भविष्य संबंधी कोई नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी कॉलेज स्वयं वहन करेगा तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेगा।
इस दौरान परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर ने कहा कि विद्यार्थियों को गलत जानकारी देकर प्रवेश दिलाना बेहद गंभीर मामला है। यदि किसी भी छात्र का भविष्य खराब होता है तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चुप नहीं बैठेगी। यह आंदोलन छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।
छात्र विशाल ने कहा कि प्रवेश के समय उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी गई थी, जिससे अब उनके भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने छात्रों की आवाज उठाने के लिए एबीवीपी का आभार व्यक्त किया।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को आश्वस्त किया कि किसी भी विद्यार्थी का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान सूर्या प्रताप राणा, अभिजीत पाल, आशीष त्रिपाठी, पीयूष मलिक टाटा, शुभम सहित विद्यार्थी परिषद के कई कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।


