(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 11 मई 2026। सिडकुल स्थित लकजर कंपनी के मजदूर सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच सहायक श्रम आयुक्त की मौजूदगी में वार्ता हुई, जिसमें मजदूरों की सभी मांगों को मान लिया गया। इसके बाद समझौते के आधार पर हड़ताल समाप्त कर दी गई।

समझौते के उपरांत सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय के बाहर युवा नेता वरुण बालियान के नेतृत्व में एक सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए वरुण बालियान ने समझौते पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पूर्व में कैंपस कंपनी और मिल्टन कंपनी के मजदूरों के साथ भी सहायक श्रम आयुक्त की मौजूदगी में समझौते कराए गए थे, लेकिन बाद में कंपनी प्रबंधन द्वारा कार्यरत मजदूरों और ट्रेड यूनियन नेताओं के खिलाफ थाना सिडकुल में मुकदमे दर्ज करा दिए गए। उन्होंने इसे मजदूरों के साथ विश्वासघात बताया।

वरुण बालियान ने कहा कि प्रशासन और श्रम विभाग पहले यह स्पष्ट आश्वासन दें कि आज की हड़ताल में शामिल किसी भी मजदूर के खिलाफ पुलिस या कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सिडकुल क्षेत्र में लगातार मजदूरों का शोषण हो रहा है और जब मजदूर अपनी आवाज उठाते हैं तो प्रशासनिक दबाव बनाकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है।

मजदूर नेता पंकज कुमार ने कहा कि हरिद्वार में अब एक बड़े मजदूर आंदोलन की आवश्यकता है और इसके लिए मजदूरों को एकजुट करने का कार्य किया जाएगा। वहीं मजदूर नेता ललित कुमार और महिपाल सिंह रावत ने कहा कि स्थानीय प्रशासन मजदूर नेताओं और कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों पर मुकदमे दर्ज कर आंदोलन को कुचलना चाहता है, लेकिन मजदूर किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं।

बाद में उप श्रमायुक्त और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि हड़ताल में शामिल मजदूरों के खिलाफ कोई मुकदमा या अन्य कार्रवाई नहीं की जाएगी, धरना और हड़ताल समाप्त कर दी गई।

प्रदर्शन में लक्ष्य चौहान, अनिल सैनी, जयप्रकाश, शशांक कुमार, राजकुमार, अंकित चौधरी, वाजिद, राजीव, सौरभ, रीता सहित बड़ी संख्या में मजदूर और श्रमिक नेता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply