(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार,8 मई 2026।हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत हरिद्वार की कनखल कोतवाली पुलिस ने पिल्ला गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक नुकीला सुआ बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वर्चस्व और कमेंटबाजी को लेकर युवकों के साथ मारपीट करते थे। वारदात की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर क्षेत्र में दहशत फैलाना इनकी आदत बन चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रवि उर्फ सरदार थाना कनखल क्षेत्र की कई घटनाओं में शामिल रहा है तथा पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से भी फरार हो चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछितों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में बढ़ रही गैंग गतिविधियों और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए कनखल पुलिस ने सादे कपड़ों में विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी व चेकिंग अभियान चलाया।

गौरतलब है कि 10 अप्रैल 2026 को कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में थाना कनखल में मुकदमा संख्या 126/26 दर्ज किया गया था। मामले में कुल 11 आरोपी प्रकाश में आए थे, जिनमें पूर्व में दो नाबालिग समेत चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इसी क्रम में 7 मई 2026 को पुलिस टीम ने दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर अपलोड वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से प्राप्त फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस टीम में 

SHO देवेन्द्र सिंह रावत

वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह

उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक

उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र

अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन

हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह

कांस्टेबल सतेन्द्र रावत

कांस्टेबल उमेद सिंह

कांस्टेबल प्रलव चौहान।

Share.
Leave A Reply