बहादराबाद पुलिस ने चोरी की बाइक सहित दो आरोपियों को दबोचा
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, बहादराबाद। हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपित चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों और वाहन चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।
शनिवार को उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, चौकी प्रभारी कस्बा बाजार, पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान में तैनात थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिलों से लोहे के पुल बहादराबाद से नहर पटरी की ओर आ रहे हैं, जिनमें से एक बाइक की नंबर प्लेट मुड़ी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नहर पटरी क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिल उन्होंने हंस फाउंडेशन के बाहर से चोरी की थी और उसे बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने बाइक की मुड़ी नंबर प्लेट सीधी कर जांच की तो वाहन संख्या UP20BZ 9601 पाई गई। जांच में यह मोटरसाइकिल थाना बहादराबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 101/26, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की निकली।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस टीम में
उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, चौकी प्रभारी कस्बा बाजार
कांस्टेबल बीरेन्द्र सिंह
कांस्टेबल रणजीत सिंह।


