फुरकान अंसारी संपादक।

रुड़की। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत कोतवाली रुड़की क्षेत्र में देर रात नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्टोरेंट और बार संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस की रात्रिकालीन चेकिंग से देर रात तक प्रतिष्ठान संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध रूप से शराब परोसने, बार संचालन के नियमों का उल्लंघन करने तथा रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर थाना क्षेत्र में देर रात चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई रेस्टोरेंट और बार संचालकों द्वारा निर्धारित समय सीमा के बाद प्रतिष्ठान खुले रखने और तेज आवाज में डीजे व लाउडस्पीकर चलाने जैसे नियमों का उल्लंघन पाया गया।

पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों से एम्पलीफायर, लैपटॉप, टैब सहित अन्य उपकरण कब्जे में लिए। साथ ही संचालकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Share.
Leave A Reply