फुरकान अंसारी संपादक।

हल्द्वानी। मोमिन अंसार सभा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ज़हीर आलम अंसारी ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि आगामी 26 अप्रैल 2026 को लखनऊ के चारबाग स्थित रवींद्रालय में आयोजित होने वाले 16वें राष्ट्रीय ‘पसमांदा सामाजिक व सियासी वक़ार बचाओ सम्मेलन’ में उत्तराखंड से एक प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।

उन्होंने बताया कि संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अकरम अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में उत्तराखंड प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से नसीम अहमद वारसी, रज़ा अली अंसारी, मुख्तार अंसारी, फारुख अंसारी, मोहम्मद नाजिम और शानू खान सहित राज्य के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।

सम्मेलन में पसमांदा समाज, अंसार समुदाय, बुनकरों और दस्तकारों के अधिकारों, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के पिछड़े वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में शासन और राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए एक मजबूत मंच तैयार करना है।

बताया गया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित 15 से अधिक राज्यों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ज़हीर आलम अंसारी ने कहा कि मोमिन अंसार सभा पिछले कई वर्षों से समाज को संगठित करने और उसके अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से जाने वाला प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में राज्य की सामाजिक समस्याओं और समाज की भागीदारी से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।

उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेकर इसे सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Share.
Leave A Reply