फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के कारोबारियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। इसी क्रम में थाना पथरी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में पूर्व में जेल जा चुके लोगों की पहचान कर उन पर निगरानी बढ़ाने की पहल की है।
थानाध्यक्ष पथरी द्वारा वर्ष 2016 से 2025 तक एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुके कुल 85 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। इनमें से 25 व्यक्तियों को शनिवार को थाना परिसर में बुलाकर उनकी परेड कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि वे किसी भी प्रकार से नशे के कारोबार या एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में लिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सभी चिन्हित व्यक्तियों को प्रत्येक 15 दिन में थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। थाना पथरी में इसके लिए एक विशेष रजिस्टर तैयार किया गया है, जिसमें संबंधित व्यक्तियों का आपराधिक इतिहास, फोटो, मोबाइल नंबर और वर्तमान स्थिति दर्ज की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण के लिए चिन्हित व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।


