फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीमों द्वारा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

निर्देशों के क्रम में बीडीएस और डॉग स्क्वॉड की टीमें बस अड्डा और रेलवे स्टेशन से अभियान की शुरुआत करते हुए अपर रोड, मोती बाजार होते हुए हर की पैड़ी पहुंचीं। इस दौरान टीमों ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की गहन जांच की।

जांच अभियान के दौरान विशेष उपकरणों और प्रशिक्षित स्वानों की मदद से परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Share.
Leave A Reply