फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार/कालनेमी” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु-संत का भेष धारण कर लोगों को ठगने वाले 22 ढोंगी बाबाओं को हिरासत में लिया है। ये लोग हरकी पैड़ी क्षेत्र में विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को घरेलू व व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झांसा देकर भ्रमित करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन की धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर ठगी करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई की गई, जो साधु-संत का वेश धारण कर लोगों को झूठे प्रलोभन देकर आर्थिक व मानसिक रूप से ठगने का प्रयास कर रहे थे।
चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र से कुल 22 संदिग्ध ढोंगी बाबाओं को धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा साधु-संत का भेष धारण कर दिए जाने वाले झांसे या प्रलोभन में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस को दें।


