फुरकान अंसारी संवाददाता।
रुड़की। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए 20 लाख रुपये की जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में कोतवाली रुड़की में मुकदमा संख्या 754/2024 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता संजीव कुमार निवासी ग्राम सराय ज्वालापुर ने रणवीर और इस्लाम के खिलाफ धोखाधड़ी कर किसी अन्य व्यक्ति की भूमि अपने नाम रजिस्ट्री कराने की शिकायत दी थी। यह मुकदमा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुड़की के आदेश पर धारा 175(3) बीएनएसएस के अंतर्गत दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि पिंकू उर्फ अजय और रणवीर ने आपराधिक साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि पिंकू उर्फ अजय ने मृतक इस्लाम पुत्र हनीफ निवासी शांतारशाह का प्रतिरूपण कर 9 अगस्त 2021 को भूमि की बिक्री शिकायतकर्ता संजीव कुमार के नाम कर दी।
मामले में पुलिस पहले ही पिंकू उर्फ अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 419, 467, 468, 471 और 120बी भादवि की बढ़ोतरी की गई। वहीं मुख्य आरोपी रणवीर लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 22 अप्रैल 2026 को आरोपी रणवीर को उसके ससुराल ग्राम शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
रणवीर पुत्र कवर पाल, निवासी ग्राम पीतपुर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार।
पुलिस टीम में शामिल:
वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी
हेड कांस्टेबल नूर हसन
कांस्टेबल राजेश देवरानी
कांस्टेबल अनिल चौहान की कार्रवाई।


