फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार। दिनांक 22 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन रोशनाबाद, हरिद्वार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन एवं पुलिस अधिकारियों की देखरेख में मायापुर महिला हेल्पलाइन द्वारा महिला ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पारिवारिक विवादों में संवाद स्थापित कर बिखरते परिवारों को जोड़ना रहा।
महिला ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष गंभीर एवं जटिल पारिवारिक मामलों को काउंसिलिंग के लिए प्रस्तुत किया जाता है। बैठक में नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा/हेल्पलाइन, मनोवैज्ञानिक एवं असिस्टेंट प्रोफेसर अरुण कुमार, समाजशास्त्री विनोद शर्मा, अधिवक्ता रीमा साहिम, प्रधानाचार्य तथा प्रभारी महिला हेल्पलाइन मायापुर उपनिरीक्षक अंजना चौहान ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान महिला हेल्पलाइन हरिद्वार में प्रचलित जटिल पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। परिवारों को टूटने से बचाने के उद्देश्य से परिजनों के पक्षों को समझा गया और आपसी सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
काउंसिलिंग के दौरान कुल 09 पारिवारिक मामलों पर सुनवाई की गई। इनमें से 05 मामलों में ऐच्छिक ब्यूरो के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के समझाने पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और साथ रहने का समझौता हुआ। वहीं 04 मामलों में परिवारों को भविष्य के लिए सोचने-समझने का समय देते हुए अगली तिथि प्रदान की गई।
हरिद्वार पुलिस का प्रयास है कि हेल्पलाइन में आने वाले अधिक से अधिक पारिवारिक मामलों का समाधान हो और परिवार आपसी समन्वय के साथ अपनी गृहस्थी को आगे बढ़ा सकें। पुलिस का मानना है कि परिवार सुरक्षित रहेगा तो समाज और संस्कृति भी मजबूत बनी रहेगी।


