फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को कर्नाटक के बैंगलोर से सकुशल बरामद किया है। आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई, जिसके चलते पुलिस टीम ने समय रहते बच्ची को गलत हाथों में जाने से बचा लिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

दिनांक 10 अप्रैल 2026 को मुकर्बपुर कलियर निवासी महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री को पड़ोस में रहने वाली एक महिला 9 अप्रैल को कपड़े खरीदवाने के बहाने अपने साथ ले गई और वापस नहीं लौटी।

जांच में सामने आया कि आरोपी महिला नाबालिग को पहले रुड़की से सहारनपुर ले गई, फिर वहां से दिल्ली होते हुए कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए बैंगलोर पहुंच गई। रास्ते में उसने बच्ची का मोबाइल बंद करवा दिया और घर संपर्क करने से मना किया।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से मिला सुराग

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया, जो कर्नाटक में मिला। इसके बाद पुलिस टीम 16 अप्रैल को कर्नाटक पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी महिला को पकड़ते हुए नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।

भीख मंगवाने और गलत कार्य में धकेलने की थी साजिश

पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी और उससे भीख मंगवाने तथा गलत कार्य कराने का इरादा था।

गरीब परिवार की बच्ची, मां ने खो दी थी उम्मीद

पीड़िता का परिवार अत्यंत गरीब है। मां बीमार रहती है और भीख मांगकर बच्चों का पालन-पोषण करती है। बेटी के लापता होने के बाद उसे उम्मीद नहीं थी कि कोई मदद करेगा, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी बेटी सुरक्षित वापस मिल गई।

पुलिस टीम की सराहना

एसएसपी हरिद्वार ने त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी पुलिस टीम की सराहना की है। स्थानीय लोगों ने भी हरिद्वार पुलिस के इस प्रयास की प्रशंसा की।

पुलिस टीम में 

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी

उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह तोमर

उपनिरीक्षक रामअवतार

हेड कांस्टेबल सोनू कुमार

महिला कांस्टेबल सरिता राणा।

पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply