फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित वार्ड 42 की वाल्मीकि बस्ती और हरिजन बस्ती में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य का शुभारंभ पार्षद प्रतिनिधि इंजीनियर मयंक सिंह ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर किया।
इस अवसर पर मयंक सिंह ने कहा कि वार्ड की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पार्षद कृतिका सिंह के नेतृत्व में पूरे वार्ड में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। “हमारा उद्देश्य है कि वार्ड के हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े,” उन्होंने कहा।
मयंक सिंह ने आगे बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पुरानी पेयजल लाइन बिछी हुई थी, जो कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इसके कारण लोगों को दूषित पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था और नई पाइपलाइन बिछाने की मांग लगातार उठ रही थी। स्थानीय निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय कर प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाई गई, जिसके बाद अब नई पाइपलाइन का कार्य प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई पाइपलाइन के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस मौके पर अंकित, नवीन बिरला, राजेश छाछर, गौरव, मुनमुन, रामकटोरी, कुशाल, बॉबी, नरेंद्र, मिथलेश, देवानंद, विकास, संतोष, राजा, सुमित, पम्मी, रचना, मनीष चंचल, बंटी समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


