फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार। संत परंपरा के महान प्रतीक गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर हरिद्वार में भक्ति, आस्था और उत्साह का भव्य नजारा देखने को मिला। पंजाब से पहुंची पारंपरिक दमड़ी यात्रा का शहर में जगह-जगह जोरदार और यादगार स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धामय हो उठा।

इस खास मौके पर भीम आर्मी के प्रदेश प्रभारी सुलेमान बट अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर यात्रा का भव्य स्वागत किया और गुरु जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

यात्रा के दौरान हरिद्वार की सड़कों पर भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। डीजे और बैंड-बाजों की धुनों के बीच भजन-कीर्तन गूंजते रहे और श्रद्धालु झूमते-गाते आगे बढ़ते नजर आए। “जगत गुरु रविदास महाराज की जय” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें बेगमपुरा की झलक को सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया गया, जो समानता, न्याय और भेदभाव रहित समाज का संदेश देती है।

कार्यक्रम के दौरान सुलेमान बट ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने हमेशा समानता, भाईचारे और मानवता की बात की, जो आज के समय में और भी अधिक जरूरी हो गई है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गुरु जी के आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं। 

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और महान संतों के विचारों से जोड़ते हैं।

इस पूरे आयोजन के दौरान हरिद्वार विशेषकर ज्वालापुर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और यात्रा मार्ग पर हर जगह पुलिस बल तैनात रहा। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई, जिससे कहीं भी अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।

पुलिस की सजगता और बेहतर प्रबंधन के चलते यह विशाल शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई। श्रद्धालुओं और आयोजकों ने प्रशासन की व्यवस्था की खुलकर सराहना की।

अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सभी ने मिलकर समाज में प्रेम, भाईचारे और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Share.
Leave A Reply