हरिद्वार पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इस क्रम में मंगलौर पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने, अवैध लाल-नीली बत्ती के प्रयोग तथा मॉडिफाइड साइलेंसर (पटाखे छोड़ने वाली बुलेट) के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।
1. लापरवाही से वाहन चलाने पर कार्रवाई:
नारसन क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर लापरवाही से कार चलाकर कर्मचारियों की जान जोखिम में डालने वाले दो अभियुक्त—आदिल व मुशर्रत (निवासी पुरकाजी, मुजफ्फरनगर) को पुलिस ने धारा 172 BNSS के तहत गिरफ्तार किया। संबंधित वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
2. अवैध लाल-नीली बत्ती पर कार्रवाई:
चेकिंग के दौरान एक कार पर अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती एवं पुलिस स्टिकर का उपयोग करते हुए पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का चालान किया और चालक को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।
3. मॉडिफाइड साइलेंसर (पटाखे वाली बुलेट) पर कार्रवाई:
ध्वनि प्रदूषण फैलाने और आमजन में भय का माहौल बनाने वाली मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया गया। इस प्रकार के साइलेंसर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है।
हरिद्वार पुलिस की अपील:
सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक मॉडिफिकेशन से बचें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


