फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार पुलिस की सूझबूझ और कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में बड़ा खुलासा
कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में सामने आए एक कथित आत्महत्या के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए इसे हत्या का मामला साबित किया है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या प्रतीत हो रहे इस प्रकरण में गहन जांच के बाद हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ।
दिनांक 02.04.2026 को ग्राम लाहड़पुर निवासी पूजा नामक महिला ने सूचना दी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर साक्ष्य संकलित किए गए तथा घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर पंचनामा भरा गया।
इसी दौरान मृतक के भाई राजू द्वारा दी गई तहरीर में मृतक की पत्नी, बेटी और एक अन्य युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 40/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद मामले ने नया मोड़ लिया। मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की।
पूछताछ में आरोपी पत्नी व नाबालिग बेटी ने स्वीकार किया कि मृतक बबलू को उनके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते वह अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर दोनों ने हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत पहले बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई। उसके बाद उसे चारपाई पर दुपट्टों से बांधकर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाला गया और कमरे को बंद कर दिया गया।
अगली सुबह आरोपी पत्नी ने पुलिस को भ्रामक कहानी सुनाई कि उसका पति झगड़ा कर घर से चला गया था और बाद में वापस आकर जहर खा लिया।
पुलिस ने दिनांक 03.04.2026 को आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग पुत्री को विधिक संरक्षण में लिया गया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों, जिनमें कथित प्रेमी भी शामिल है, की भूमिका की जांच जारी है।पुलिस टीम में 
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी
उप निरीक्षक रविन्द्र गौड़
कांस्टेबल सुदेश खरोला
कांस्टेबल मनमोहन सैनी
महिला कांस्टेबल रेशमा सुल्ताना
महिला कांस्टेबल माधुरी
चालक मोहन सिंह रावत
महिला होमगार्ड रीना रानी
वसीम (सीआईयू हरिद्वार) की कारवाई।

Share.
Leave A Reply