1. हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश तेज

फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में नाबालिग युवतियों से जुड़े गंभीर शोषण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला एक नामी कंपनी से जुड़ा है, जहां प्लांट हेड सहित अन्य कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को कंपनी में कार्यरत कुछ महिलाओं और युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी प्रबंधन ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा और उनसे बंधुआ मजदूरी कराई जा रही थी।

पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया कि 24 मार्च को उन्हें कंपनी कार्यालय में बुलाकर तलाशी के नाम पर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उनके दुपट्टे से हाथ-पैर बांधकर मारपीट की गई और बेइज्जती की गई। इतना ही नहीं, उन पर चोरी कबूल करने का दबाव भी बनाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 26 मार्च को मुख्य आरोपी प्लांट हेड रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो बरामद हुआ, जिसमें पीड़िताओं के साथ मारपीट और बंधक बनाने की पुष्टि हुई। साथ ही, कंपनी के रिकॉर्ड में पीड़िताओं के आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उम्र बढ़ाकर दर्शाने के प्रमाण भी मिले।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक उपकरणों पर काम कराया जा रहा था, जो श्रम कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (उम्र 42 वर्ष), निवासी रामपुर जेवर, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) हाल निवासी पीठ बाजार, बहादराबाद को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़िताओं को न्याय दिलाया जाएगा।

Share.
Leave A Reply