फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार, 25 मार्च 2026। हरिद्वार पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार के निर्देशानुसार गोकशी एवं पशु क्रूरता में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में गोवंश संरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का बार-बार उल्लंघन करने वाले अभियुक्तों पर सख्त शिकंजा कसने की कार्यवाही जारी है।
इसी क्रम में प्रभारी गौवंश संरक्षण स्क्वायड से जनपद में गोकशी, पशु तस्करी एवं पशु क्रूरता से जुड़े तत्वों का विस्तृत डाटा तलब किया गया। प्राप्त जानकारी के आधार पर जनपद की 11 कोतवाली/थानों में 57 गैंग के कुल 162 अभियुक्तों को चिन्हित किया गया है, जिनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 67 अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इन आरोपियों को जिला बदर करने की भी तैयारी हरिद्वार पुलिस द्वारा की जा रही है।
लगातार गोकशी या पशु क्रूरता में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को भारी धनराशि से पाबंद किया जाएगा। यदि कोई आरोपी मुचलका तोड़ता है तो उसकी पाबंद धनराशि जब्त कर ली जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोकशी एवं पशु क्रूरता जैसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अंत में हरिद्वार पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि आपके आसपास कोई अवैध पशु कटान या पशु क्रूरता की घटना होती है तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना या गौवंश संरक्षण टीम को दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।


