फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार। ईद-उल-फितर के पावन अवसर को लेकर ईदगाह ज्वालापुर में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। सदर जमशेद खान के नेतृत्व में ईदगाह परिसर को सजाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रात्रि के समय ईदगाह की बाउंड्री, मीनार, मिंबर और मुख्य गेट रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे, जो माहौल को और भी खुशनुमा बना देंगे।
इसके साथ ही वज़ू खाने की मरम्मत, साफ-सफाई, पेड़ों के आसपास की व्यवस्था और पूरे परिसर की देखरेख पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ईदगाह कमेटी द्वारा जानकारी दी गई है कि ईद-उल-फितर की नमाज ईदगाह ज्वालापुर में सुबह 9:30 बजे अदा की जाएगी। इस बार एक विशेष पहल के तहत ईदगाह के मुख्य गेट पर पहली बार तिरंगा फहराया गया है, जो आपसी सौहार्द और देशभक्ति का संदेश दे रहा है।
उपाध्यक्ष शहज्जाद गोड़ ने बताया कि, “ईद-उल-फितर भाईचारे, अमन और मोहब्बत का त्योहार है। ईदगाह में सभी तैयारियां मुकम्मल करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नमाज के लिए आने वाले हर शख्स को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस बार तिरंगा फहराकर हम देशभक्ति और आपसी एकता का संदेश भी देना चाहते हैं।”
ईदगाह परिसर में चल रही तैयारियों का जायजा लेने के दौरान सदर हाजी जमशेद खान, उपाध्यक्ष शहज्जाद गोड़, खजांची हाजी मुकर्रम गुज्जर, सचिव बाबर खान, नोशाद मंसूरी, शाहनवाज सिद्दीकी, नसीम सलमानी, शोकीन अब्बासी, सलीम, शाहनवाज अब्बासी, फुरकान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

