फुरकान अंसारी (संवाददाता)

हरिद्वार, 15 मार्च 2026।आगामी कुम्भ मेला, चारधाम यात्रा एवं कांवड़ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार–रुड़की क्षेत्र में सुचारु एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कल दिनांक 14.03.2026 को पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात) निशा यादव की अध्यक्षता में ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों एवं ट्रैफिक वालंटियर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या, प्रमुख मार्गों व चौराहों पर लगने वाले जाम तथा आम नागरिकों को होने वाली असुविधाओं के समाधान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों एवं ट्रैफिक वालंटियर्स से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।

उपस्थित सदस्यों ने अपने अनुभवों के आधार पर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करना, ट्रैफिक वालंटियर्स की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना तथा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना शामिल रहा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात) श्रीमती निशा यादव ने कहा कि शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क किनारे अवैध पार्किंग में वाहन खड़ा करता है, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाता है, ओवरलोड वाहन चलाता है, बिना साइलेंसर वाली मोटरसाइकिल या पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाली बुलेट मोटरसाइकिल चलाता है, यातायात नियमों को तोड़ना ना, तो आम नागरिक ऐसे वाहनों की फोटो या वीडियो बनाकर पुलिस यातायात ऐप पर अपलोड कर सकते हैं, जिस पर पुलिस द्वारा ऑनलाइन कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें तथा शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक के अंत में प्राप्त सभी सुझावों को संकलित कर यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही गई। साथ ही सभी ट्रैफिक वालंटियर्स ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में ट्रैफिक पुलिस के सभी अधिकारीगण तथा हरिद्वार एवं रुड़की क्षेत्र के अधिकांश ट्रैफिक वालंटियर्स उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply