एसएसपी हरिद्वार का सख्त एक्शन: चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित, जांच एसपी देहात को सौंपी।
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार, 13 मार्च 2026। अवैध खनन के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी हरिद्वार ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना झबरेड़ा क्षेत्र की चौकी इकबालपुर में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद प्रथम दृष्टया चौकी प्रभारी इकबालपुर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने चौकी प्रभारी समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को सौंपी गई है।
एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी प्रकार के अनुचित कार्यों या अवैध गतिविधियों में संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।


