फुरकान अंसारी, संवाददाता।

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सिडकुल पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर महादेवपुरम व रवाली महदूद क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 407 लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान व्यक्तियों के मूल निवास, कार्यस्थल, परिवार के सदस्यों का विवरण, वर्तमान फोटो तथा व्यवसाय से संबंधित जानकारी एकत्र कर एक सुदृढ़ डाटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में संदिग्ध व्यक्तियों की शीघ्र पहचान की जा सके।

अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से क्षेत्र की निगरानी भी की गई, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर तुरंत नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

सत्यापन अभियान में 50 मकान मालिकों द्वारा किरायेदार सत्यापन न कराने पर कुल ₹5,00,000 का चालान किया गया।

इसके अलावा अभियान के दौरान 20 ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए और अपने संबंध में संतोषजनक जानकारी भी नहीं दे सके। इन व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

थाना सिडकुल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। इसके लिए पुलिस द्वारा सोशल मीडिया, लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply