(फुरकान अंसारी, संवाददाता)
हरिद्वार, 8 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सराहनीय और मानवीय पहल देखने को मिली। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियो ने समाज के जरूरतमंद वर्ग के बीच सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया।
इस दौरान ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों के बीच पहुंचकर पुलिस टीम ने बिस्कुट, पानी की बोतल, फ्रूटी सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की। पुलिस की इस पहल से बच्चों और महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
इस अवसर पर महिला पुलिस कर्मी पूनम सौरीयाल ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस दिन की सबसे बड़ी सार्थकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी पुलिस का कर्तव्य है। ऐसे कार्यों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संबंध और अधिक मजबूत होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया गया। इसके साथ ही महिला पुलिस कर्मी पूनम सौरीयाल द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई। उन्हें आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091, 1098 तथा 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
महिलाओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध से बचाव तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही आत्मरक्षा के सामान्य उपायों और सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से कहा गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। पुलिस सदैव उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करते हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस द्वारा इस तरह के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।


