(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 01/03/2026। रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर स्थित एक बैंकट हॉल में हर्षोल्लास के साथ रानीपुर विधायक आदेश चौहान द्वारा हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भव्य होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पारंपरिक होली गायन, बच्चों के नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ फूलों की होली ने समूचे वातावरण को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में सभी देशवासियों को बधाई देते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सुधार, प्रेम और एकता का प्रतीक भी है। यह पर्व हमें सभी भेदभाव मिटाकर आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे संत हरिचेतनानंद ने कहा कि सनातन परंपरा के अनुरूप आपसी भाईचारे के साथ सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और सौहार्दपूर्ण होली मनाई जानी चाहिए।
विधायक आदेश चौहान ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है, जो समाज में सांस्कृतिक एकता और समरसता को सुदृढ़ करता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, मेयर किरण जैसल, राज्यमंत्री सुनील सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


