(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 13 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में आपातकालीन सेवाओं पर भ्रामक सूचना देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13 फरवरी 2026 की रात्रि में डायल 112 पर एक कॉलर ने सूचना दी कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उससे 10 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कॉलर  (35 वर्ष), निवासी ग्राम व थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया और अपनी क्रेटा कार चला रहा था। घटना के संबंध में उसके बयान विरोधाभासी पाए गए।

स्थानीय लोगों से पूछताछ और गहन जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि लूट की कोई घटना हुई ही नहीं थी। सख्ती से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या (क्रेटा कार) को भी एम.वी. एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं पर झूठी सूचना न दें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड,कांस्टेबल मनोज रतूड़ी,कांस्टेबल चालक मोहन सिंह रावत,होमगार्ड नितिन कुमार की कार्रवाई ।

Share.
Leave A Reply