(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 09 फरवरी 2026।रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगरपालिका शिवालिकनगर के वार्ड नंबर 12 स्थित रामधाम कॉलोनी की रोशनपुरी कॉलोनी में आंतरिक सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य का शुभारंभ आज रानीपुर विधायक आदेश चौहान द्वारा विधिवत पूजन कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर विधायक का स्वागत किया और विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पूरे विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और आमजन को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ दिलाने का भाजपा सरकार का संकल्प निरंतर धरातल पर दिखाई दे रहा है।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने क्षेत्र में विकास कार्यों के माध्यम से एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी योजनाबद्ध कार्यप्रणाली के कारण विकास कार्य स्पष्ट रूप से जमीन पर नजर आ रहे हैं।

स्थानीय सभासद गरिमा सिंह ने विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में नई बसी कॉलोनियों में भी करोड़ों रुपये की लागत से अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। विधायक की कार्यशैली अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

उद्घाटन कार्यक्रम में अश्वनी कुमार, सतपाल सिंह, संजीव चौहान, नीटू कुमार, कमलाकर शास्त्री, सूरज नेगी, ललित कुमार, प्रीतम, भूरा कुमार, सौरभ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply