(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 30 जनवरी 2026। लक्सर क्षेत्र में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर जांच करने पहुंची खाद्य पूर्ति निरीक्षक के साथ राशन डीलर द्वारा कथित हाथापाई का मामला सामने आया है। इस संबंध में खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने कोतवाली पहुंचकर राशन डीलर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें ग्रामीणों से शिकायत मिली थी कि लक्सर गांव में राशन डीलर लाभार्थियों के अंगूठे लगवाकर केवल पर्ची दे रही है, जबकि राशन का वितरण नहीं किया जा रहा। शिकायत के आधार पर जब वह दुकान पर निरीक्षण के लिए पहुंचीं तो डीलर द्वारा स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अनियमितताओं के चलते दुकान को सील करने की कार्रवाई शुरू की, तभी राशन डीलर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की। इसके बाद निरीक्षक ने कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


