(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की हरिद्वार जिला इकाई के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश एवं जनपद के अनेक गणमान्य अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। समारोह में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की दिशा पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने अपने ऑडियो संदेश के माध्यम से यूनियन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के साथ-साथ उसके विकास में पत्रकारों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि श्रमजीवी पत्रकार सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज़ को सामने लाने का कार्य करते रहे हैं। उन्होंने यूनियन द्वारा पत्रकारिता की मर्यादाओं और मूल्यों को सुदृढ़ करने की सराहना की।

समारोह में आध्यात्मिक गुरु करौली शंकर महादेव ने भी ऑडियो संदेश के माध्यम से पत्रकारों को देश और समाज के विकास की रीढ़ बताया तथा यूनियन से जुड़े पत्रकारों के योगदान को अविस्मरणीय कहा।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए जिलाध्यक्ष संजय आर्य ने यूनियन की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा पर प्रकाश डाला और कहा कि संगठन ने सदैव जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों की आवाज़ को बुलंद किया है। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उनकी निष्पक्ष एवं सत्यनिष्ठ पत्रकारिता की सराहना की। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का स्मरण करते हुए राज्य गठन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की भी प्रशंसा की।

हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने पत्रकारों को समाज का आईना बताते हुए कहा कि उनकी लेखनी समाज को जागरूक और दिशा देने का कार्य करती है। कार्यक्रम का आयोजन हरिद्वार प्रेस क्लब सभागार में किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां शारदा की स्तुति के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कथावाचक गरीबदासीय पीठाधीश्वर रविदेव शास्त्री ने की।

विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने अपने संबोधन में यूनियन के 25 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों और पत्रकार हितों के लिए किए गए आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक प्रतिबद्धता सर्वोपरि हैं। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक और ईमानदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ सदस्य एवं प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा ने भी समारोह में शामिल हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी ने यूनियन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share.
Leave A Reply