(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 26 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक स्थल मंडी का कुआं, ज्वालापुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. झांगीराम ने किया। कार्यक्रम के संयोजक, क्रय-विक्रय सहकारी समिति ज्वालापुर के पूर्व चेयरमैन शमीम अहमद ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता छम्मन पीर जी ने की, जबकि ध्वजारोहण पूर्व राज्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव फुरकान अली एडवोकेट द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में फुरकान अली एडवोकेट ने कहा कि आज हमारे संविधान को लागू हुए 76 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और हम 77वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने संविधान का निर्माण करते समय सभी धर्मों और वर्गों का समान रूप से ध्यान रखा। भारत एक धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और समाजवादी देश है। संविधान की सबसे खूबसूरत बात यह है कि यह सभी नागरिकों को समान न्याय प्रदान करता है। कुछ सांप्रदायिक ताकतें संविधान को कमजोर करना चाहती हैं और धर्म व जाति के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन हम उनके मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देंगे। भारत का हर नागरिक आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहना चाहता है और देश की तरक्की चाहता है। आज का युवा रोजगार चाहता है।
रियाज अली एडवोकेट ने कहा कि हमारा संविधान सर्वोपरि है और इसी संविधान ने भारत के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकार प्रदान किए हैं।
भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन के राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष अरबाज अली एडवोकेट ने कहा कि संविधान की मूल भावना उसकी प्रस्तावना की पहली पंक्ति “हम भारत के लोग…” में निहित है, जिसका अर्थ है कि संविधान पूरी तरह से जनता पर केंद्रित है। भारतीय संविधान के अनुसार जनता सर्वोपरि है। संविधान की देन से ही हमें मौलिक अधिकार मिले हैं, जिनमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, देश में कहीं भी आने-जाने और बसने की आज़ादी शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन किया।
कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता इरशाद खान, जाकिर सलमानी और सुल्तान अहमद खान ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता निसार अब्बासी, इकबाल काजमी, नौशाद बेग, पत्रकार नावेद अख्तर, मंसूर अली, मास्टर रवीश कमाल कुरैशी, इरफान फारुकी, मोनू अंसारी, इंतजार शाह, उमर फारूक, जे.पी. कश्यप, नसीम कुरैशी, सलीम खान,तनवीर अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


