(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 26 जनवरी 2026। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हरिद्वार श्यामपुर स्थित प्रसिद्ध श्री श्याम वैकुंठ धाम में नवगठित सिटी प्रेस क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष ठाकुर मनोजानंद का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान श्री श्री 1008 श्यामसुंदर दास जी महाराज ने ठाकुर मनोजानंद को सम्मानित कर आशीर्वाद प्रदान किया।
सम्मान समारोह में अपने संबोधन में सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष ठाकुर मनोजानंद ने कहा कि सिटी प्रेस क्लब के गठन के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई सकारात्मक क्रांति का सूत्रपात हुआ है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों, संत-महापुरुषों के श्री चरणों की रज और आशीर्वाद से ही सिटी प्रेस क्लब को निरंतर मार्गदर्शन व ऊर्जा प्राप्त हो रही है। निष्पक्ष, निर्भीक और समाजहित में पत्रकारिता करने के संकल्प के साथ क्लब आगे बढ़ रहा है, जिससे भ्रष्टाचार की पत्रकारिता करने वाले संगठनों में बेचैनी देखी जा रही है।
इस अवसर पर प्रातः स्मरणीय श्री महंत श्यामसुंदर दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सिटी प्रेस क्लब शीघ्र ही देश के प्रबुद्ध पत्रकारों की एक सशक्त और विश्वसनीय संस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा तथा निष्पक्ष लेखन करने वाले पत्रकारों की एक मजबूत टीम के रूप में उभरकर सामने आएगा।
कार्यक्रम के क्रम में निरंजनी अखाड़े के प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर, निकट कुशा घाट पर गुरु भगवान श्री रवि पुरी जी महाराज द्वारा भी सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष ठाकुर मनोजानंद को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान ठाकुर मनोजानंद ने अनंत विभूषित महंत रवि पुरी जी महाराज के चरणों में वंदना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह का वातावरण श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा, जिसमें पत्रकारिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना व्यक्त की गई।


