(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 26 जनवरी 2025। जनपद हरिद्वार में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे धूमधाम, हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर एवं कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे सशक्त, सबसे बड़ा, दृढ़ एवं लचीला संविधान है, जो समयानुसार विभिन्न आवश्यकताओं को अपने भीतर समाहित करता है। उन्होंने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों एवं अस्पृश्यता के उन्मूलन में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा यह सभी नागरिकों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें समान अधिकार प्रदान करता है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि जनपद एवं प्रदेश की उन्नति के लिए सभी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी से करें, जिससे जनपद और प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकें। साथ ही जनपद में चलाए जा रहे सफाई अभियान में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए तथा जनपदवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी. आर. चौहान ने कहा कि राज्य एवं जनपद को खुशहाल और समृद्ध बनाने के लिए सभी को ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए, जिससे जनपद विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ सके।

कार्यक्रम में आनंदमयी सेवा सदन की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान एवं देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसके लिए जिलाधिकारी द्वारा छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपेन्द्र सिंह नेगी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा द्वारा ध्वजारोहण किया गया, वहीं नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने ध्वजारोहण किया।

Share.
Leave A Reply