(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। तिरंगे की आन-बान-शान, भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के गीतों से पूरा वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल (IPS) द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन, सांस्कृतिक एवं सिंचाई मंत्री तथा जनपद हरिद्वार के प्रभारी मंत्री श्री सतपाल महाराज जी का भव्य स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय ध्वज फहराकर दी गई एकता व अखंडता की शपथ
मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। इसके उपरांत परेड कमांडर सीओ अभिनव चौधरी द्वारा सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया।
भव्य परेड और शानदार मार्च पास्ट ने मोहा मन
सेरेमोनियल ड्रेस में सुसज्जित नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस, होमगार्ड्स, पीआरडी सहित पुलिस की विभिन्न यूनिटों ने अनुशासित कदमताल के साथ मंच के सामने से मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
जवानों की राइफल ड्रिल, बैंड की मधुर धुनों और अनुशासनबद्ध प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया।
बेहतरीन मार्च पास्ट से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि द्वारा परेड को ₹1 लाख की सम्मान राशि प्रदान की गई।
झांकियां बनीं आकर्षण का केन्द्र
गणतंत्र दिवस परेड में सीपीयू, चेतक, इंटरसेप्टर, एफएसएल, डॉग स्क्वायड, संचार शाखा, क्यूआरटी, फायर सर्विस, जल पुलिस, वज्र वाहन सहित महिला सशक्तिकरण, अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण, कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य, पशुपालन, आपदा प्रबंधन, समाज कल्याण एवं खेल विभाग की भव्य झांकियों ने आमजन को जागरूक करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने भरी देशभक्ति की हुंकार
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में पीएमएस हरिद्वार एवं अन्य स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
देशभक्ति गीतों पर नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनोहारी नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु मुख्य अतिथि ने उन्हें मंच के पास बुलाकर व्यक्तिगत रूप से सराहना की।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ज़िलाधिकारी हरिद्वार सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


