(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 10 जनवरी 26।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक मदन कौशिक के कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। घेराव के लिए निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रेमनगर गेट के सामने एकत्र हुए और खन्ना नगर स्थित विधायक के कार्यालय की ओर बढ़े। खन्ना नगर से कुछ दूरी पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी मामले में स्थानीय विधायक की चुप्पी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है, लेकिन इसके बावजूद विधायक मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में विधायक ने स्थानीय जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया और वोट चोरी के सहारे विधायक बनते रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और युवा नेता नितिन तेश्वर ने कहा कि मुख्यमंत्री भले ही सीबीआई जांच की संस्तुति कर रहे हों, लेकिन कांग्रेस की मांग स्पष्ट है कि यह जांच किसी सीटिंग जज की निगरानी में हो। उन्होंने कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
वरुण बालियान और लता जोशी ने भी दो टूक कहा कि जब तक मामले में शामिल वीआईपी का नाम सामने नहीं आता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाकर ही दम लिया जाएगा।
प्रदर्शन में अशोक शर्मा, पार्षद विवेक भूषण विक्की, हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, अंजू द्विवेदी, रचना शर्मा, विकास चंद्रा, जिला उपाध्यक्ष शुभम बर्मन, महबूब आलम, मनोज सैनी, तरुण व्यास, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, विकास रौतेला, ऋषभ वशिष्ठ, तुषार सक्सेना, करन राणा, सतवंत राठौर, अर्शिल अंसारी, अबरार अली, फैजल, इमरान अली, सागर बेनीवाल, दीपक कोरी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


