फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी (विकास चौधरी) ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र संख्या-35 से अपनी दावेदारी पेश की है। सोमवार, 16 नवंबर को वह सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा को अपना आवेदन पत्र सौंपा।
इस दौरान आशु चौधरी ने कहा कि वह पिछले 21 वर्षों से भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन और जनसेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हुए उन्होंने जनता की समस्याओं को करीब से समझा है और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोगों और युवाओं के बीच उनका लगातार संपर्क रहा है। क्षेत्र की सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना उनका संकल्प है।
आशु चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा को उत्तराखंड की 70 विधानसभाओं में एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण की जनता का आशीर्वाद ही उनकी आगे की राजनीतिक यात्रा का आधार होगा।
इस अवसर पर पंडित अरुण शर्मा, प्रीतम चौधरी, इरफान अंसारी, नफीस अंसारी, देवपाल सिंह राठी, विनोद मलिक, नरेश बालियान, रंजय चौहान, डॉ. संजय कुमार, डॉ. विक्रम सिंह, संदीप शर्मा, वरुण चौहान, सुशील शर्मा, सुदेश सैनी, संदीप चौधरी, विजय राणा, मुकर्रम अंसारी, इनायत अंसारी, श्रवण कुमार, अकरम अंसारी, शिवम चौहान, अतुल चौधरी, विशाल चौधरी, विभोर कश्यप, विशेष कुमार, विनीत चौधरी, प्रवीण कुमार, रेनू कुमार, लवी चौधरी, टिंकू कुमार और आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।


