फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। छठ पूजा के अवसर पर सर्वेश्वर महादेव घाट (सलेमपुर पिकेट के निकट) पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा में स्नान के दौरान 16 वर्षीय आयुष निवासी रोशनाबाद डूबने लगा। बेटे को डूबता देख उसके पिता मनोज (35 वर्ष) ने उसे बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी। लेकिन गंगाजल अत्यधिक ठंडा होने के कारण पिता-पुत्र दोनों डूबने लगे।
घाट पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी की आपदा राहत टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया। इसके बाद दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय बचाव अभियान में आपदा राहत दल के एडीपीसी कुंवरपाल सिंह, हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार एवं कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे। पीएसी टीम की त्वरित कार्रवाई से पिता-पुत्र की जान बच गई।


