फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने शहर का यातायात प्लान जारी किया है। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोकने के साथ ही विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
सोमवती स्नान पर्व 9 नवंबर 2026 को आयोजित होगा। इसके मद्देनजर 8 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात दबाव बढ़ने पर अपनाई जाएगी वैकल्पिक व्यवस्था
यातायात का दबाव बढ़ने पर नगलाइमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा। यहां से वाहनों को धीरे-धीरे छोड़ा जाएगा। चीला मार्ग का इस्तेमाल ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए केवल निकासी मार्ग के रूप में किया जाएगा।
सामान्य यातायात दबाव के दौरान वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा, जिससे शहर में वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जा सके। टोल प्लाजा पर निकासी का दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों का दबाव बढ़ने पर उन्हें मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
दिल्ली-मेरठ और पंजाब से आने वाले वाहनों का रूट
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर एवं पंजाब से स्नान के लिए हरिद्वार आने वाले वाहनों को नारसन-मंगलौर-कोर कॉलेज-ख्याति ढाबा-गुरुकुल कांगड़ी-शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यातायात का अत्यधिक दबाव होने पर वाहनों को नारसन-मंगलौर-नगलाइमरती-लक्सर-फेरूपुर-जगजीतपुर-एसएम तिराहा-शनि चौक-श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
दिल्ली एवं पंजाब-हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर सहारनपुर-मंडावर-भगवानपुर-सालियर-बिझौली चौक-एनएच-344-सहारनपुर बाईपास-छुटमलपुर बाईपास-बिहारीगढ़-मोहंड होते हुए देहरादून और ऋषिकेश की ओर डायवर्जन किया जाएगा।
दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों का दबाव बढ़ने पर देहरादून एवं ऋषिकेश जाने वाली बसों को रामपुर तिराहा-मुजफ्फरनगर-देवबंद-कोलकी टोल टैक्स-बिहारीगढ़-मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
मुरादाबाद एवं नजीबाबाद की ओर से हरिद्वार आने वाले छोटे वाहनों को नजीबाबाद-चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडी चौकी-चंडी चौक मार्ग से भेजा जाएगा। इन वाहनों के लिए नीलधारा एवं गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है।
बड़े वाहनों को नजीबाबाद-चिड़ियापुर-श्यामपुर मार्ग से 4.2 डायवर्जन के माध्यम से भेजा जाएगा। इनके लिए गौरीशंकर एवं नीलधारा पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
देहरादून-ऋषिकेश से आने और जाने वाले वाहनों का रूट
देहरादून एवं ऋषिकेश से स्नान के लिए हरिद्वार आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म-रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों के लिए लालजीवाला पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं, देहरादून एवं ऋषिकेश से गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ की ओर से मेरठ-दिल्ली जाने वाले वाहनों को नेपाली फार्म-रायवाला-चंडी चौक-एनएच-344 होते हुए मेरठ-दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून एवं ऋषिकेश से नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को नेपाली फार्म-रायवाला-चंडी चौक-चंडी चौकी-श्यामपुर होते हुए नजीबाबाद भेजा जाएगा।
ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा के लिए भी रहेगा डायवर्जन
सोमवती स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश एवं रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को फोरलेन जयराम मोड़ तक ही आने की अनुमति होगी। यहां सवारी उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा।
जटवाड़ा पुल एवं ज्वालापुर की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को रानीपुर मोड़, देवपुरा होते हुए बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन शिवमूर्ति तिराहे तक भेजा जाएगा। यहां से तुलसी चौक की ओर यू-टर्न लेकर कनखल की तरफ जाने की व्यवस्था रहेगी। ज्वालापुर की ओर जाने वाले ऑटो-विक्रम मायापुर फायर सर्विस-देवपुरा चौक-रानीपुर मोड़ होते हुए बीएचईएल एवं ज्वालापुर जा सकेंगे।
बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को भगत सिंह चौक-टिबड़ी फाटक-पुराना रानीपुर मोड़-देवपुरा होते हुए बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन शिवमूर्ति तिराहे तक भेजा जाएगा। यहां से तुलसी चौक की ओर यू-टर्न लेकर कनखल की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी। ज्वालापुर जाने वाले वाहन मायापुर फायर सर्विस-देवपुरा चौक-रानीपुर मोड़ होते हुए बीएचईएल एवं ज्वालापुर जा सकेंगे।
स्नान पर्व के दौरान ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, ऑटो-विक्रम एवं टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक सभी ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि सोमवती स्नान पर्व के दौरान निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें। अनावश्यक रूप से शहर में वाहन लेकर प्रवेश न करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


