मौके पर ही हटवाई गई अधोमानक खाद्य सामग्री, मिठाई और बेकरी उत्पादों पर निर्माण-अवसान तिथि की भी हुई जांच।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 5 नवंबर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई। जांच के दौरान कुल 81 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें से 11 नमूने अधोमानक पाए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों से अधोमानक खाद्य सामग्री को तत्काल हटवा दिया गया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी एवं उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।

अभियान के दौरान ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेमनगर आश्रम क्षेत्र के विभिन्न मिठाई विक्रेताओं, बेकरी, डेयरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मिठाई, पनीर, दूध, दही, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन, दालों और अन्य कन्फेक्शनरी उत्पादों के नमूने लेकर मौके पर ही उनकी जांच की।

जांच में 11 खाद्य नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों से अधोमानक खाद्य सामग्री को हटवा दिया, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचाया जा सके।

अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा ने मिठाई एवं बेकरी प्रतिष्ठानों में उत्पादों पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित किए जाने संबंधी नियमों की भी जांच की। निरीक्षण में अधिकांश प्रतिष्ठानों पर मिठाई एवं बेकरी उत्पादों पर नियमानुसार निर्माण और अवसान तिथि अंकित पाई गई।

संयुक्त टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की नगर निगम योगेंद्र पांडेय, जूनियर फूड एनालिस्ट अनुराग मियां और लैब सहायक गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच अभियान जारी रखने की बात कही।

Share.
Leave A Reply