मौके से दो पीड़ित महिलाओं को पुलिस ने सकुशल कराया बरामद, होटल में दी गई दबिश।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और सिडकुल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल युवराज में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से देह व्यापार में संलिप्तता के आरोप में एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। वहीं, होटल से दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सिडकुल पुलिस को होटल में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल युवराज में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक महिला अभियुक्ता और दो पुरुष अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वहां मौजूद दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
AHTU टीम: प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र रमोला, उपनिरीक्षक राखी रावत, हेड कांस्टेबल राकेश, हेड कांस्टेबल दीपक डबराल एवं महिला कांस्टेबल शशिबाला।
सिडकुल पुलिस टीम: उपनिरीक्षक प्रियंका इजराइल, कांस्टेबल जितेंद्र एवं कांस्टेबल मनीष।


