व्यापारियों को अतिक्रमण न करने और निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें लगाने के निर्देश, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार, 2 नवंबर को नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर ने पुलिस बल के साथ ज्वालापुर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों को अपनी दुकानों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही पटाखा कारोबारियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजार में भीड़भाड़ और आवागमन की समस्या उत्पन्न न हो।

नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर अतिक्रमण करने अथवा तय स्थान के अलावा अन्य जगहों पर पटाखों की दुकानें संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन ने व्यापारियों एवं आमजन से अपील की कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आमजन की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Share.
Leave A Reply